पीलीभीत। सरेशाम बाजार में मारपीट और पथराव करने वाले चार आरोपियों को सुनगढ़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनको पुलिस थाना गेट से पैदल घुमाते हुए घटनास्थल तक ले गई। फिर चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया। सभी पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी की जाएगी। गुंडई करने वाले आरोपियों को बाजार में घुमाना चर्चा का विषय बना रहा।
घटना सोमवार शाम रेलवे स्टेशन रोड पर मुख्य बाजार में लक्ष्मी टॉकीज के पास हुई थी। गाली गलौज के बाद युवाओं के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई थी। दोनों ने अपने साथी बुलाकर पथराव कर दिया था। खरीदारी करने बाजार में आए लोगों ने दुकानों में घुसकर खुद को बचाया था। एक पक्ष से घायल सगे भाई आकाश और अरविंद का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया था। घायल आकाश की ओर से पुलिस ने एनसीआर दर्ज की। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच क्रिकेट खेलने के दौरान 10 दिन पूर्व झगड़ा हो गया था। उसी की रंजिश में आमने-सामने आते ही बाजार में झगड़ गए थे।
सुनगढ़ी पुलिस ने मंगलवार को चार आरोपी मोहल्ला सरफराज खां निवासी सचिन गौतम, आयुष सागर, शंकर सागर, सुभाष को गिरफ्तार कर लिया। चारों को पुलिस ने बाजार में घुमाया। घटनास्थल तक पैदल लेकर गई। इसके बाद वापस थाने लाने के बाद चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से सभी को जेल भेज दिया गया। एसएसआई सुनगढ़ी महेंद्र पाल ने बताया कि दरअसल घटनास्थल जानने के लिए सभी आरोपियों को लेकर पुलिस पैदल गई थी। बाजार में घुमाने की बात गलत है। आरोपियों पर गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।