फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंस्पेक्टर ने बोलकर लिखाई तहरीर, दुष्कर्म के बाद हत्या को खुदकुशी में बदल डाला

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। दिव्यांग किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में दिन भर परिवार के सदस्यों की कहानी पर सवाल उठाने वाली पुलिस खुद एफआईआर में खेल कर गई। दुष्कर्म के बाद हत्या के संगीन मामले को खुदकुशी में बदल दिया गया। इंस्पेक्टर गजरौला ने दी गई तहरीर पर कार्रवाई करने के बजाय रात को खुद बोलकर दुष्कर्म के बाद किशोरी के खुदकुशी करने की तहरीर लिखा ली थी। दूसरे दिन मृतका के भाई ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया। यही नहीं अब तक की गई कार्रवाई से भी पूर्णतया संतुष्ट न होने की बात कही। उधर, अधिकारी कार्रवाई को सही बताकर साख बचाने में जुटे रहे।
विज्ञापन

गजरौला थाना क्षेत्र के एक गंाव की निवासी 17 वर्षीय किशोरी की सोमवार रात दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। गांव के ही धर्मपाल के खिलाफ मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें घर में घुसकर दुष्कर्म और हत्या के आरोप लगाए थे। पुलिस ने उसी रात आरोपी को हिरासत में ले लिया था। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। दिन भर पुलिस परिवार की उलझी कहानी का हवाला देकर प्रेम प्रसंग और खुदकुशी की ओर इशारा करती रही। घटना को दबाने के लिए करीबियों पर भी शक जाहिर किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न होने पर विसरा जांच के लिए सुरक्षित कर दिया गया। दुष्कर्म की पुष्टि को स्लाइड बनाई गई थी। देर रात पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर धाराओं का खेल कर दिया। दुष्कर्म और खुदकुशी को विवश करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। दूसरे दिन बुधवार को मृतका के भाई ने पुलिस की करतूत को खुलकर बयां किया। उसने बताया कि उन्होंने दिन में जो तहरीर दी थी, उस पर एफआईआर दर्ज ही नहीं की गई। रात को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें थाने बुलाया। फिर इंस्पेक्टर गजरौला ने खुद बोल-बोलकर मनमाफिक तहरीर लिखा ली। हत्या के बजाय किशोरी के खुदकुशी करने का जिक्र कर दिया गया। यह भी कहा कि पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई से वह संतुष्ट नहीं। हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की जानी चाहिए थी।
हिरासत में लिए आरोपी को भेज दिया जेल
गजरौला पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए घटना की रात हिरासत में लिए गए आरोपी धर्मपाल की गिरफ्तारी बुधवार सुबह विधिपुर और बैजूनागर गांव के बीच से दर्शाकर चालान किया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे दुष्कर्म और खुदकुशी को विवश करने के आरोप में जेल भेज दिया है। इसके अलावा विसरा और स्लाइड भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दी गई है।
विज्ञापन

एसपी बोले- शिकायत मिली तो कराएंगे जांच
घटना के बाद परिवार ने मौखिक रूप से दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई थी। पहले कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद भाई से जो तहरीर मिली, उसी के आधार पर कार्रवाई की गई है। अगर पुलिस के बोलकर तहरीर लिखाने की शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - किरीट कुमार, एसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें