बीसलपुर। पुलिस की घेराबंदी देख तस्कर बाईपास रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के पास स्कार्पियो छोड़कर भाग गए। स्कार्पियो से पांच गोवंशीय पशु बरामद हुए, जिन्हें गोशाला भिजवा दिया गया। कार कब्जे में लेकर पुलिस ने अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाल कमल सिंह ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब चार बजे सूचना मिली कि कुछ तस्कर स्कॉर्पियो में गोवंशीय पशुओं को लादकर तस्करी के लिए लेकर जा रहे हैं। इस पर बाईपास रोड पर घेराबंदी की गई। बिलसंडा की तरफ से आ रहे तस्कर पुलिस को देख रेलवे क्रॉसिंग के पास कार छोड़कर भाग गए। उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया, मगर वह अंधेरे का फायदा उठाते हुए आसपास के खेतों से होते हुए निकल गए। स्कार्पियो को चेक किया गया तो उसमें पांच गोवंशीय पशु बरामद हुए। कुल्हाड़ी, छुरा और रस्सी भी मिली। बरामद पशुओं को गोशाला भेज दिया है। दरोगा ऋषिपाल सिंह की ओर से अज्ञात पर गोहत्या निवारण एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बरामद कार पुलिस के कब्जे में है। उसके नंबर के आधार पर छानबीन कराई जा रही है।