पूरनपुर। वैक्यूम क्लीनर से पेट में भरी गई हवा से किशोर के दिमाग की नसें फट गई थी। इसी में उसकी मौत हो गई थी। बरेली पुलिस द्वारा भेजी गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है। मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने नामजद किए गए तीन आरोपियों में से एक आरोपी को चालान कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया है। जबकि दो आरोपी अभी पुुलिस की पकड़ से दूर हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खमरिया पट्टी निवासी कुंवरसेन उर्फ मितुल (15) को बृहस्पतिवार सुबह गांव के ही कुछ लोग मजदूरी कराने के लिए अपने साथ असम हाईवे स्थित एक राइस मिल ले गए थे। आरोप है कि वहां वैक्यूम क्लीनर से किशोर के पेट में हवा भर दी गई थी। उसकी बरेली के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बरेली के बारादरी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। पिता घनश्याम की तहरीर पर गांव निवासी अमित कुमार, सूरज, कमलेश पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विवेचक दरोगा संजीव कुमार ने बताया कि अभी पोस्टमार्टम की कार्बन कापी मिली है। इसमें किशोर के पेट में हवा भरने से उसके दिमाग की नसें फट गई थी। उसमें मौत होने की पुष्टि हुई है। नामजद आरोपी कमलेश को सोमवार को जेल भेज दिया है।