पीलीभीत। लोन दिलाने के नाम पर एक जालसाज ने बरेली की महिला से 1.75 लाख रुपये ठग लिए। कोतवाली पुलिस ने तहरीर मिलने पर जांच शुरू कर दी है।
प्रेमनगर (बरेली) निवासी राफिया शबनम पत्नी जहीन खां ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी जान पहचान शहर (पीलीभीत) के अग्रवाल सभा के पास रहने वाले एक युवक से थी। युवक ने केंद्र सरकार की एक योजना का हवाला देते हुए कहा कि वह उन्हें उद्योग के लिए एक करोड़ रुपये तक की मदद दिला सकता है। इसके लिए सीए और तकनीकी योग्यता वाले इंजीनियर से मिलकर प्रोजेक्ट से जुड़ी रिपोर्ट बनवानी होगी। इसका करीब दो लाख रुपये खर्च बताया। झांसे में आकर उन्होंने 16 जुलाई 2020 को 25 हजार रुपये चेक और 50 हजार रुपये उसी दिन दे दिए। कुछ दिन बाद आरोपी ने बताया कि सीए ने प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर तैयार कर दी है। इसके बाद एक लाख रुपये और ले लिए। कुल 1.75 लाख रुपये लेने के बाद आरोपी ने कई दिन तक टालमटोल की और फिर फोन रिसीव करना ही बंद कर दिया। कोतवाल अतर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।