माधोटांडा। दावत में गई किशोरी को अगवा करने की नीयत से एक शोहदा हाथ में चाकू लेकर फिल्मी स्टाइल में उसके रिश्तेदार के घर पहुंच गया। वहां पर गालीगलौज करते हुए उसने किशोरी को अपने साथ चलने को कहा। किशोरी के मना करने पर शोहदे ने चाकू किशोरी की गर्दन पर रख दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। फिल्मी स्टाइल में शोहदे की करामात देखकर मौके पर भीड़ जुट गई। जिसके बाद शोहदा धमकी देते हुए भाग गया। किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कलीनगर कस्बा निवासी एक ग्रामीण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन दिन पहले उसकी 16 वर्षीय बेटी पड़ोस में रिश्तेदारी में दावत में गई थी। गांव का ही आदर्श पांडे अचानक वहां पहुंच गया। आरोप है कि शोहदा फिल्मी अंदाज में हाथ में चाकू लेकर घर में घुस गया। वह किशोरी को जबरन अपने साथ ले जाने लगा। किशोरी ने जब शोहदे की हरकत का विरोध किया तो उसने उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। बीचबचाव में किशोरी के हाथ में चाकू लग गया। उसमें वह मामूली रुप से घायल हो गई। इंस्पेक्टर शहरोज अनवर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।