पीलीभीत। पुलिस की गुंडागर्दी रुकने का नाम नहीं ले रही है। दो दिन पहले वाहन चेकिंग के नाम पर पुलिस ने गुंडागर्दी दिखाते हुए एक महिला और न्यूरिया में बाइक सवार युवक से मारपीट की थी। पुलिस अफसरों ने जांच के नाम पर पूरे मामले को रफा-दफा कर दिया। अब सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज द्वारा एक राहगीर को सरेराह लात मारने का वीडियो वायरल हुआ है।
रविवार को मोहर्रम और लॉकडाउन का पालन कराने के लिए ड्यूटी पर मुस्तैद सिविल लाइन चौकी इंचार्ज सुभाष चंद्र फोर्स के साथ नकटादाना चौराहा पर मौजूद थे। तभी बेलों का चौराहा की तरफ से एक युवक पैदल किसी जरूरी काम से बाहर निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चौकी इंचार्ज ने गुंडागर्दी दिखाते हुए पहले उससे गाली गलौज की। फिर युवक के लात मारी और उसे वहां से भगाया। चौकी इंचार्ज की इस हरकत को वहां मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी जयप्रकाश ने इस मामले की जांच सीओ सदर को सौंप दी। एसपी ने स्वीकार किया कि चौकी इंचार्ज द्वारा राहगीर को लात मारने का वीडियो वायरल हुआ है। इस मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।