पीलीभीत। एसएसबी की टाटरगंज चेक पोस्ट पर तैनात जवान से कुछ ग्रामीणों ने गाली गलौज के बाद अभद्रता की। यह ग्रामीण जबरन चौकी में घुस रहे थे। रोकने पर एसएसबी जवान की पिटाई भी की गई। तहरीर मिलने के बाद हजारा थाने में पांच नामजद समेत 10 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हजारा थाना क्षेत्र नेपाल सीमा से सटा हुआ है। यहां के टाटरगंज इलाके में एसएसबी की चेक पोस्ट बनी हुई है। शुक्रवार शाम छह से रात नौ बजे तक यहां पर एसएसबी जवान प्रदीप की संतरी ड्यूटी थी। रात करीब साढ़े आठ बजे टाटरगंज गांव के ही कुछ लोग चौकी में जबरन घुसने लगे। उन्हें एसएसबी जवान ने रोक दिया। इसी बात पर गाली गलौज करते हुए गांव वाले एसएसबी जवान पर हमलावर हो गए और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद सभी भाग गए। मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। इसके बाद एसएसबी जवान ने हजारा थाने में पहुंचकर अभद्रता करने वालों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने एसएसबी जवान की तहरीर पर जसवंत सिंह, तारा सिंह, दारा सिंह, सुखदेव, देबू और पांच अज्ञात पर बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, गाली गलौज और धमकाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ पूरनपुर योगेंद्र कुमार ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने एसएसबी जवान से मारपीट कर दी थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराई जा रही है।