पूरनपुर। छेड़छाड़ करने पर वैक्सीन डिलीवर की एएनएम द्वारा चप्पल और थप्पड़ों से की गई पिटाई मामले में सीएचसी अधीक्षक ने कार्रवाई की है। वैक्सीन डिलीवर को यहां से हटाकर पीएचसी कुर्रिया भेजा गया है। वायरल वीडियो की जांच नगर चौकी इंचार्ज ने शुरू कर दी है। सीएमओ ने भी दोनों को तलब किया है।
सीएचसी में बृहस्पतिवार को छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए संविदा एएनएम ने वैक्सीन डिलीवर की कोल्ड चेन मेें थप्पड़ों और चप्पलों से जमकर पिटाई करते हुए घसीटा था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। हालांकि बाद में दोनों में समझौता भी हो गया। मगर, सीएचसी अधीक्षक लेखराज गंगवार ने दोनों को घटना की पुनरावृत्ति होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। सीएचसी अधीक्षक ने इसकी रिपोर्ट सीएमओ को भी भेजी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार ने बताया कि वैक्सीन डिलीवर को स्थानीय सीएचसी से हटाकर कुर्रिया पीएचसी भेज दिया गया है। उधर, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद नगर चौकी इंचार्ज निर्देश सिंह चौहान ने सीएचसी पहुंचकर जांच शुरू की। चौकी इंचार्ज ने पूरे मामले की जानकारी अधीक्षक से ली। उन्होंने बताया कि किसी ओर से घटना की तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। वीडियो की जांच की जा रही है। सीएचसी अधीक्षक ने दोनों में समझौता होने की जानकारी दी। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने मामले की सही जानकारी के लिए दोनों को अपने कार्यालय तलब किया है।