पीलीभीत। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में सुनवाई न होने पर पीड़िता मिट्टी का तेल लेकर एक दिन पहले देर शाम सुनगढ़ी थाने पहुंच गई। यह देखकर घबराई पुलिस ने उस दिन तो उसे एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन देकर किसी तरह शांत करा दिया। मगर, दूसरे दिन जब पीड़िता दोबारा थाने पहुंची तो पुलिस ने कार्रवाई से इनकार करते हुए कहा कि पहले कोर्ट से आदेश कराओ। तब एफआईआर दर्ज की जाएगी। पीड़िता एसपी से भी शिकायत कर चुकी है। फिर भी सुनवाई न होने पर उसने खुदकुशी की चेतावनी दी है।
शहर की रहने वाली एक युवती ने कुछ दिन पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर बताया था कि जनवरी 2020 में उसकी मुलाकात बरेली निवासी मुख्य डाकघर के लिपिक से हुई थी। कुछ दिनों में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। शादी का झांसा देकर लिपिक ने कई बार शहर में ही किराए के मकान में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने शादी करने की बात कही तो उसके प्रेमी ने पहले तो टालमटोल की। जब ज्यादा कहा तो उसने 10 लाख रुपये और कार की मांग रख दी। उसने इतने रुपये देने में असमर्थता जताई तो प्रेमी ने शादी करने से इनकार कर दिया। उसके बाद वह छुट्टी लेकर बरेली चला गया। पीड़िता का आरोप है कि उसके प्रेमी ने कई बार मोबाइल पर मेसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत थाना सुनगढ़ी की गई। 19 जून को पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की। पुलिस ने जो भी साक्ष्य मांगे, वह मुहैया करा दिए गए। मगर, एफआईआर नहीं लिखी गई। बृहस्पतिवार की शाम पीड़िता खुदकुशी करने के मकसद से मिट्टी का तेल लेकर थाने पहुंच गई। उस समय तो पुलिस ने उसे कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत करा दिया। जब सुबह 10 बजे वह थाने दोबारा पहुंची तो पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। पीड़िता के अनुुसार पुलिस ने उसे कोर्ट से आदेश कराकर लाने की बात कही है। पीड़िता का कहना है कि उसकी सुनवाई नहीं हो रही। ऐसे में वह खुदकुशी के लिए विवश होगी।
जरा इंस्पेक्टर की सुनिए
इंस्पेक्टर अतर सिंह का कहना है कि शिकायतकर्ता गलत तरीके से फंसाने का दबाव बना रही है। दोनों पक्ष अपनी मर्जी से साथ रहे। अब दहेज के लेनदेन को लेकर बात बिगड़ी है। मामले में अधिकारियों को आख्या भेजी जाएगी।
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इसके बारे में जानकारी कराई जाएगी। शिकायत मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई कराई जाएगी। - जयप्रकाश, एसपी