पीलीभीत। बेतरतीब ढंग से बाइक चला रहे दो युवकों को टोकना मेडिकल स्टोर संचालक को मंहगा पड़ा। बाइक सवारों ने उस पर हमला कर दिया। बाइक सवारों ने शराब की बोतल सिर में मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
वसुंधरा कॉलोनी निवासी विनय सिंह ने बताया कि उनका असम चौराहा पर मेडिकल स्टोर है। रोज की तरह बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह मेडिकल स्टोर बंद करके कर्मचारी रुपपुर कमालु गांव निवासी प्रीतम को बाइक से घर छोड़ने जा रहे थे। बीसलपुर रोड पर एक फ्लोर मिल के पास पहुंचते ही बेतरतीब ढंग से बाइक चला रहे दो युवकों को सही से बाइक चलाने की बात कहते हुए उन्हें टोक दिया। इसी बात पर गुस्साकर दोनों बाइक सवारों ने शराब की बोतल उनके सिर में मारी। उसके सिर से खून बहने लगा। इसके बाद दोनों ने उन्हें पीटा भी। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। असम रोड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा। चौकी प्रभारी अचल कुमार ने बताया कि घायल पीड़ित से मिली तहरीर पर सड़िया गांव निवासी मंजीत और मंदीप पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों का शुक्रवार को शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया है। दोनों आरोपी नशे में थे।