पीलीभीत। बाइक सवार दो स्नैचर व्यस्ततम नौगवां चौराहे के पास दिनदहाड़े महिला के गले से चेन खींचकर भाग गए। नोएडा से यह महिला पति संग बस से आने के बाद ई-रिक्शा से आवास विकास कॉलोनी लौट रही थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जानकारी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस घटनास्थल के पास प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने में जुटी है।
आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले विकास चौहान ने बताया कि वह नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। पिछले लंबे समय से परिवार समेत वहीं रह रहे हैं। बुधवार शाम करीब चार बजे रोडवेज बस में सवार होकर पत्नी शशि सिंह के साथ पीलीभीत आए। ईदगाह रेलवे क्रासिंग पर बस से उतररने के बाद ई-रिक्शा में सवार हुए। नौगवां चौराहा होते हुए घर जा रहे थे। स्टेट बैंक के पास पहुंचते ही पीछे से आए बाइक सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर पत्नी के गले से ढाई तोले की सोने की चेन उड़ा ले गए। ई-रिक्शा से उतरकर उन्होंने स्नैचरों को पकड़ने का प्रयास भी किया, मगर वे लकड़ी मंडी की तरफ भाग गए।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सीओ सिटी प्रवीण मलिक, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी अतर सिंह, कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी पुलिस बल के साथ पहुंचे। घटना के बारे में जानकारी की गई। असम चौराहा पुलिस चौकी पर इस दौरान पुलिस को देखकर भागने वाले दो संदिग्ध पकड़ लिए गए। विकास चौहान को बुलाकर दोनों को दिखाया गया। इसमें उसने देखकर ही इनकार कर दिया। उधर, घटनास्थल पर बैंक, अस्पताल समेत कई प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी लगे हैं। इनके फुटेज चेक कराए जा रहे हैं। सीओ ने बताया कि स्नैचरों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई कराई जाएगी।