पीलीभीत। पूजापाठ कर मंदिर से घर जा रहे बाइक सवार पुजारी को बिना हेलमेट मिलने पर अभद्रता करने वाले दरोगा को देशनगर चौराहा चौकी से हटा दिया गया है। एसपी ने दरोगा की कार्यशैली को गलत पाते हुए स्थानांतरित करके हजारा थाने भेजा है।
आईटीआई के पास एक शिव मंदिर है, इसके पुजारी मोहल्ला मोहतसिम खां के रहने वाले हैं। शुक्रवार सुबह वह पूजापाठ कर बाइक से घर जा रहे थे। देशनगर चौराहा पर ठेका चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने उन्हें रोक लिया था। हेलमेट न होने पर पुजारी ने कहा कि वह हेलमेट मंदिर में भूल आए। यही नहीं चुपचाप बाइक का चालान भी कर दिया। आरोप है कि इसके बाद भी दरोगा ने गालियां देते हुए अभद्रता की। इसके बाद पुजारी ने विरोध जताते हुए हंगामा कर दिया था। अन्य मंदिरों के पुजारियों ने भी नाराजगी जताई थी। कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी के पहुंचने पर मामला शांत हो सका था। इस पूरे मामले से कोतवाल ने एसपी को अवगत कराया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कार्रवाई की। दरोगा संजीव कुमार को ठेका चौकी से हटाकर हजारा थाने स्थानांतरित कर दिया। इसके अलावा तीन अन्य दरोगाओं के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। उत्तम कुमार को जहानाबाद, विशेष कुमार को घुंघचाई चौकी, संजय कुमार यादव को पूरनपुर कोतवाली भेजा गया है।