पीलीभीत। बसपा के टिकट पर बरखेड़ा विधानसभा से चुनाव लड़े और शहर के नामचीन सर्जन डॉ. शैलेंद्र गंगवार पर डिग्री कॉलेज चौराहा के पास तालाब की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश में एफआईआर दर्ज की गई है। लॉकडाउन का फायदा उठाकर जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर ट्रॉली ले जाकर पटान किया जा रहा था। सूचना पर प्रशासनिक अधिकारियों ने छापा मारा तो पटान करते लोग वाहन लेकर भाग गए। लेखपाल की ओर से संगीन धाराओं में दर्ज रिपोर्ट में 15 अज्ञात आरोपी दर्शाए गए हैं।
लेखपाल कृष्ण कुमार सागर ने सुनगढ़ी थाने में पुलिस को दी तहरीर में बताया कि टनकपुर-बरेली हाईवे पर डिग्री कॉलेज चौराहा के पास तालाब की राजकीय भूमि है। मोहल्ला तुलाराम के रहने वाले बसपा नेता और शहर के मशहूर सर्जन डॉ. शैलेंद्र गंगवार शनिवार सुबह करीब 11 बजे मजदूर लगाकर मिट्टी पटवा रहे थे। उसमें लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। लेखपाल के अनुसार वहां काम करने वालों में कोई भी मास्क नहीं लगाए था और सामाजिक दूरी भी नहीं बनाई थी। भ्रमण के दौरान जब लेखपाल की तालाब पटान पर नजर पड़ी तो उन्होंने डॉ. शैलेंद्र गंगवार से मिट्टी खोदकर लाने और तालाब पाटने की अनुमति के प्रपत्र दिखाने को कहा। इस पर वह किसी तरह की अनुमति नहीं दिखा सके। कब्जे का मामला निकलने पर उन्हें पटान करने से रोका गया और तालाब पाटने पर प्रतिबंध होने की बात बताई गई। इस पर तालाब पटान का काम रोक दिया गया।
लेखपाल काम रुकवाने के बाद चले गए। लेखपाल का कहना है कि इसके बाद रात 11 बजे दोबारा तालाब पाटने का काम शुरू कर दिया। इस पर लेखपाल ने पुलिस को तहरीर दी और बताया कि डॉ. शैलेंद्र गंगवार 15 अन्य लोगों के साथ जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर ट्रॉली की मदद से इसी जगह पर तालाब पाट रहे थे। अचानक प्रशासनिक टीम के पहुंचने पर भगदड़ मच गई। इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई। पुलिस ने लेखपाल की ओर से दी गई तहरीर पर चिकित्सक पर धारा 143,269,270,270,447,188, आपदा प्रबंधन और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें डॉ. शैलेंद्र गंगवार को नामजद और 15 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।
मैं कानून का पूरा सम्मान करता हूं। मैंने कोई गैर कानूनी काम नहीं किया है। जिस जगह पर तालाब बताया जा रहा है, वह तालाब नहीं है। उस जमीन की हमने रजिस्ट्री कराई है। वहां पर पहले भी अन्य बिल्डिंग और होटल बने हैं। मैं अपने पूरे तथ्य पुलिस विवेचना में रखूंगा। -डॉ. शैलेंद्र गंगवार, चिकित्सक
तालाब का पटान करने के मामले में लेखपाल की ओर से तहरीर मिली थी। इसके आधार पर डॉ. शैलेंद्र गंगवार को नामजद करते हुए 16 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। गंभीरता से जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - अतर सिंह, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी
वन विभाग ने कब्जे में ली जेसीबी, केस काटा
तालाब पर पटान के मामले में सामाजिक वानिकी की ओर से भी कार्रवाई की गई है। डीएफओ संजीव कुमार ने बताया कि तालाब पटान कराने के दौरान वन विभाग की ओर से लगाए गए ट्री-गार्ड क्षतिग्रस्त कर दिए गए। सूचना पर वन विभाग की टीम ने शनिवार रात को ही छापा मारा था। मौके से दो जेसीबी मशीन जब्त की गई हैं। इसके अलावा विभागीय केस भी काटा गया है।