पीलीभीत। पीडब्ल्यूडी ठेकेदार को दूसरे ठेेकेदारों के दो समर्थकों ने कार में बंधक बनाकर तमंचे के बल पर धमकाया। दुबारा टेंडर डालने पर जान से मारने की धमकी दी गई। एसपी के आदेश पर कोतवाली में मंगलवार रात दो आरोपियों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
केजीएन फेस टू कॉलोनी के निवासी ठेकेदार मोहम्मद जीशान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन फरवरी की दोपहर बाद 2.59 बजे मोहम्मद आमिर नामक व्यक्ति ने उसे फोन कर घर के बाहर बुलाया। वह अपने साथी शारिक मलिक उर्फ शानू के साथ कार से कॉलोनी गेट पर खड़ा था। दोनों ने विश्वास में लेकर पीड़ित को कार में बैठा लिया। इसके बाद शानू ने तमंचा कनपटी पर तान दिया और धमकाते हुए कहा कि पीडब्ल्यूडी का उसकी ओर से डाला गया टेंडर निरस्त करा दिया गया है। अब दोबारा होने वाली टेंडर प्रक्रिया में शामिल मत होना। इसके लिए उसे जान से मारने की धमकी दी। कुछ सादे कागजात पर भी आरोपी पीड़ित के हस्ताक्षर करा लिए। इसके बाद पीड़ित को कार से उतारकर चले गए। डर की वजह से पहले पीड़ित ने किसी को नहीं बताया। बाद में मंगलवार को एसपी के समक्ष पेश होकर मामले की शिकायत की गई। कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मोहम्मद आमिर और शानू के खिलाफ बंधक बनाकर धमकाने और गाली गलौज की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एक माननीय का भी नाम सुर्खियों में
ठेकेदार को धमकाने की इस घटना में एक माननीय के नाम की चर्चा रही। पीड़ित का कहना है कि उसको धमकाने आए दबंगों ने बताया कि उनको एक माननीय का संरक्षण प्राप्त है। उसे दोबारा टेंडर डालने पर दबंगों द्वारा माननीय का नाम लेकर ही धमकाया गया था। पीड़ित ठेेकेदार की ओर से कहा गया था कि उसे धमकी दी गई कि माननीय से सिफारिश कराकर झूठे मुकदमो में फंसाकर जेल भिजवा देंगे।