पीलीभीत। मेला देखने जाने की जिद कर रहा हाईस्कूल का छात्र घरवालों के डांटने पर नाराज होकर घर से निकल गया। उसके वापस न आने पर घरवाले परेशान हो गए। वे पुलिस को सूचना देने के साथ ही उसे तलाशते रहे। करीब 30 घंटे बाद छात्र मेले में घूमते हुए मिल गया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। पूछने पर छात्र ने गुस्से में घर से चले जाने की बात कही है। मामले में किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के बल्लभनगर कॉलोनी निवासी एक महिला ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा शहर के एक कॉलेज में कक्षा दस का छात्र है। रविवार देर शाम छात्र मेला जाने की जिद कर रहा था। इस पर परिजन ने उसको डांट फटकार दिया। इसके बाद रात करीब आठ बजे वह बिना बताए घर से निकल गया। देर रात तक उसके वापस न आने पर परिजन चिंतित हो गए। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। जिसके बाद दूसरे दिन सोमवार को सूचना सुनगढ़ी पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस भी उसका पता लगाने में जुट गई। इधर, परिजन बेटे की तलाश को भटकते रहे। सोमवार देर रात परिजन उसको तलाशते हुए रामलीला मैदान में आयोजित श्रीगणेश चौथ मेले में गए। वहां पर छात्र मेले में घूमते मिल गया। असम चौकी इंचार्ज अचल सिंह ने बताया कि छात्र मेले के पास परिजन को मिल गया है। इसकी जानकारी परिजन से ही उनको दी गई है।