न्यूरिया (पीलीभीत)। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद पति ने एक महिला से दूसरी शादी कर ली। इसका पता लगने पर जब पहली पत्नी ने विरोध किया तो मारपीट कर घर से भगा दिया। न्यूरिया पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के शिवपुरिया गांव निवासी कृष्ण कुमारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी तीन अप्रैल 2012 को बिथरा गांव निवासी भागीरथ से हुई थी। कुछ दिन बाद से ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर कुछ साल पहले उसको मारपीट कर घर से निकाल दिया। जिसकी एफआईआर थाना न्यूरिया में वर्ष 2013 में दर्ज कराई गई थी। बाद में मध्यस्तता केंद्र में 26 अप्रैल 2014 को समझौता होने पर पीड़िता ससुराल चली गई। कुछ दिन तक सब सही चलता रहा और फिर परेशान किया जाने लगा। 15 नवंबर 2017 को ससुराल वालों ने दोबारा मारपीट की और घर से निकाल दिया। आरोप है कि इस बीच आरोपी पति ने पीड़िता को बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली। बीते माह ससुराल पहुंचने पर जब वह ससुराल पहुंची तो इसका पता लगा। विरोध करने पर ससुराल वालों ने मारपीट कर भगा दिया। इंस्पेक्टर बिरजाराम ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति भागीरथ, ससुर बाबूराम, सास देवकी और ननद लक्ष्मी के खिलाफ बिना तलाक दूसरा विवाह रचाने, मारपीट, गाली गलौज और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।