माधोटांडा (पीलीभीत)। शाहगढ़ संडई गांव में खजाने को लेकर खुदाई का मामला अफवाह निकला। पुलिस की पड़ताल में मामला एक परिवार के बीच चल रहे जमीन के विवाद का निकला है। शांतिभंग की आशंका में चालान किए गए पांचों लोग एक पक्ष को दबंगई के बल पर जमीन पर काबिज कराने के लिए बुलाए गए थे। इसी बीच गांव में खजाने के लिए खुदाई का शोर मच गया तो पकड़े गए।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के संडई गांव में बृहस्पतिवार रात एक मामला सामने आया था। कुछ लोगों द्वारा एक किसान के मकान के पास खजाने के लिए खुदाई करने का शोर मचा दिया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले लिया, जिनका शुक्रवार को शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। मामला खजाने को लेकर खुदाई का बताए जाने पर पुलिस ने गहनता से पूरे मामले की पड़ताल की। इसके बाद अब इस मामले में नया मोड़ आया है। खजाने के लिए खुदाई करने की बात भी पूरी तरह से अफवाह निकली है। इंस्पेक्टर माधोटांडा ने बताया कि दरअसल, गांव के एक परिवार में जमीन को लेकर आपस में विवाद है। एक भाई की मृत्यु होने के बाद उसकी पत्नी को जमीन पर कब्जा नहीं दिया जा रहा है। इस पर उसने अपनी पहचान के पांच-छह लोग बुला लिए थे। दबंगई के बल पर वह लोग महिला को कब्जा दिलाने के लिए गांव पहुंचे थे। इसी बीच किसी ने खजाने के लिए खुदाई का शोर मचा दिया। जांच पूरी कर ली गई है। इसमें खजाने के लिए खुदाई की बात सही नहीं निकली है। किसी की ओर से पुलिस को तहरीर भी नहीं दी गई, इसलिए पुलिस ने अपने स्तर से पांचों लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया है।