बीसलपुर। मोहल्ला ग्यासपुर के एक घर में शुक्रवार सुबह घरेलू मामले को लेकर चल रही पंचायत में पहले कहासुनी और गालीगलौज हुई। बाद में मारपीट हो गई। इसमें चार लोग घायल हो गए। एक घायल ने मारपीट के दौरान 50 हजार रुपये, एक मोबाइल गायब हो जाने का आरोप लगाया है।
मोहल्ला ग्यासपुर निवासी वसीम अहमद के घर शुक्रवार को एक घरेलू मामले को लेकर पंचायत चल रही थी। पंचायत वसीम अहमद और उसके भाइयों के बीच संपत्ति बंटवारे के विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई थी। पंचायत में वसीम अहमद के घर वाले, कोतवाली क्षेत्र के ही गांव लाड़पुर के कुछ रिश्ेतदार, पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव नौगवां और बरेली के कस्बा फरीदपुर के कुछ लोग भी शामिल थे। बंटवारे पर जब दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनी तो उनमें कहासुनी और गालीगलौज होने लगी। विवाद बढने पर दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर भिड़ गए। मारपीट में मोहल्ला ग्यासपुर निवासी अख्त्यिार अहमद की पत्नी शहाना बेगम, कस्बा फरीदपुर निवासी नूर हसन, जहारा बेगम, और सागरा बेगम घायल हुई हैं। घायल नूर हसन ने कोतवाली में मामले की तहरीर दे दी है, जिसमें 15 लोगों को आरोपी बनाया गया है। तहरीर में कहा गया है कि मारपीट में उसकी जेब में रखे 50 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी किसी ने निकाल लिया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल हरीशंकर वर्मा ने बताया कि कस्बा इंचार्ज मोहित कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है। जांच में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।