माधोटांडा। खुद को कथित तांत्रिक बताने वाले रात के अंधेरे में पशुशाला के अंदर खजाना खोजने पहुंचे थे। खुदाई करने के दौरान पांच कथित तांत्रिकों को ग्रामीणों ने दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शांतिभंग करने की आशंका में पांचों का चालान कर दिया।
घटना बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे की है। माधोटांडा क्षेत्र के गांव शाहगढ़ संडई निवासी शिवचरन ने बताया कि उसके भाई की मौत हो चुकी है। उसकी भाभी बच्चों संग कुछ ही दूरी पर बने दूसरे मकान में रहती हैं। रात को कुछ लोग मकान के पास बनी पशुशाला की जगह में खुदाई करने लगे। आहट सुनकर परिवार के लोग बाहर आए और विरोध किया। पूछने पर खुदाई करने वाले लोग खुद को तांत्रिक बताने लगे। कहा कि इस जगह पर खजाना है, वे उसे निकालने आए हैं। शोर होने पर काफी ग्रामीण जमा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई। इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई। मौके से पकड़े गए पांच लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया है।