पीलीभीत। मेले की भीड़ में शामिल महिलाओं की मोबाइल से वीडियो बना रहे दो युवकों को पुलिस ने दबोच लिया। उसे थाने ले जाकर पूछताछ की गई। उधर, जिन महिलाओं की वीडियो क्लिप बनाई गई थी उन्होंने कार्रवाई से इंकार कर दिया। इससे पुलिस को आरोपियों का शांतिभंग की आशंका में चालान करना पड़ा।
रामलीला मैदान पर श्रीगणेश चौथ मेला लगा है। प्रतिदिन शहर और देहात क्षेत्रों से लोग मेला देखने पहुंचते हैं। बुधवार रात मेले में काफी भीड़ थी। दो युवक मेले में लगे झूलों के पास खड़े होकर मोबाइल से महिलाओं की वीडियो क्लिप बनाने लगे। मेले में तैनात पुलिस कर्मियों ने देख लेने पर दोनों को दबोच लिया। उनका मोबाइल चेक करने पर कई महिलाओं की वीडियो निकली। इसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को सुनगढ़ी थाने ले गई। जिन महिलाओं की वीडियो बनाई गई थी उन्हें भी थाने बुला लिया गया। खुद को फंसा देख दोनों युवक माफी मांगना लगे। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई। इस पर दोनों युवकों पर शांतिभंग की आशंका के तहत कार्रवाई की गई है।