बरखेड़ा/पीलीभीत। बैंक से रुपये निकाल कर घर लौट रहा वृद्ध लापता हो गया। उसका शव अगले दिन सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पड़ा मिला। चेहरे पर चोट के निशान थे। कान से भी खून बह रहा था। घर वालों ने हत्या की आशंका जताई है । पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि घरवालों की ओर से पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
बरखेड़ा के गांव नारायणपुर निवासी 65 वर्षीय अयोध्या प्रसाद खेती करते थे। गुरुवार सुबह 10 बजे वह टिकरी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण शाखा से रुपये निकालने गए थे। वहां से 12 हजार रुपये निकाले। इसके बाद से उनका कोई पता नही लगा। देर शाम तक जब वह नहीं लौटे तो परिजन ने तलाश की। कोई जानकारी न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। शुक्रवार सुबह वृद्ध का शव टिकरी और पतरासा गांव के बीच सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पड़ा मिला। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के लिए परिजन को बुलाया। घरवालों ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसलिए जताई हत्या की आशंका
परिजन ने बताया कि जब वृद्ध नहीं मिले तो वह बैंक गए थे। वहां सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। इसमें हेलमेट लगाए एक संदिग्ध व्यक्ति अयोध्या प्रसाद के साथ दिखा। अयोध्या प्रसाद रुपये निकालने के बाद जब बैंक से निकले तो यह व्यक्ति भी उनके साथ बाहर निकला। इसी पर परिजन को शक है और किसी रंजिश से उन्होंने इंकार किया है।
परिवार में मचा कोहराम
वृद्ध अयोध्या प्रसाद की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी नन्ही देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने उनको संभाला। अयोध्या प्रसाद के तीन बेटे राजपाल, सुरेश, रामनरेश और तीन बेटी पुष्पा, ऊषा , शकुंतला हैं।
वृद्ध का शव मिला है। अभी मौत की वजह को लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम के बाद अग्रिम कार्रवाई तय की जाएगी। अभी तहरीर भी नहीं मिली है। कल सूचना दी गई थी, लेकिन वृद्ध का फोटो न होने के कारण गुमशुदगी दर्ज नहीं हो सकी थी।
- बृज किशोर मिश्र, इंस्पेक्टर बरखेड़ा