पीलीभीत। शहर विधायक का भाई बताकर माफिया और उसके कुछ साथियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने के मामले में आखिरकार पुलिस बैकफुट पर आ गई। आरोपी पक्ष से साठगांठ कर तीन दिन तक रिपोर्ट दर्ज नहीं करने वाली जहानाबाद पुलिस ने प्रशासन की सख्ती के बाद मंगलवार शाम कुकरीखेड़ा प्रधान के भाई समेत तीन अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मामला ललौरीखेड़ा ब्लाक की ग्राम पंचायत नूरपुर का है। यहां के निवासी प्रेम कुमार ने जनसुनवाई पोर्टल पर ग्राम पंचायतों में निकलने वाले टेंडरों में मनमानी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके साथ ही साक्ष्यों सहित डीएम-एसपी को शिकायती पत्र दिया था। इसमें कहा गया था कि बीते बुधवार की रात करीब 11 बजे उनके पास एक नंबर से फोन आया। जिसने अपने आप को कुकरीखेड़ा के प्रधान का भाई बताया। कहा कि मैंने ही तुम्हारी फर्म योगदान इंडिया फाउंडेशन टेंडर की निविदा फाड़कर फेंकी थी। तभी दूसरे युवक ने फोन लिया और कहा कि जिससे बात कर रहे थे, वह शहर विधायक का भाई है। क्षेत्र में हमारे खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत आज तक किसी की नहीं हुई। तुम सीएम बनते हो। अफसरों से शिकायत करने पर परिवार समेत सभी को अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। सोशल मीडिया पर घमकी भरा ऑडियो वायरल होने से अफरातफरी मच गई। मामला शहर विधायक से जुड़ा होने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने एसओ जहानाबाद कमल सिंह को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए, लेकिन स्थानीय पुलिस से साठगांठ के चलते तीन दिन तक पीड़ित को थाने से टरकाया जाता रहा उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इधर, शहर विधायक संजय गंगवार ने भी स्पष्ट कर दिया था कि धमकी देने वाले शख्स से न तो उनका कोई रिश्ता न कोई जान पहचान। लिहाजा डीएम से सख्त कार्रवाई कराने के लिए कहा गया। इस बीच मंगलवार शाम प्रेम कुमार की तहरीर पर कुकरीखेड़ा प्रधान के भाई पोपेंद्र समेत तीन अज्ञात के खिलाफ जहानाबाद थाने में रिपोर्ट कर ली गई।
एसओ कमल सिंह यादव का कहना है रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई के लिए जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।