पीलीभीत। अमन की हत्या के आरोप में उसकी चाची को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अभी कोई पुख्ता साक्ष्य सामने नहीं आया है। वहीं घटना के बाद से तलाशे जा रहे एक करीबी का अभी तक कोई पता नहीं लग सका है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के पिपरा वाले नंबर दो गांव निवासी बनवारीलाल के 19 वर्षीय बेटे अमन की मंगलवार को गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। अमन का शव उसके चाचा चंद्रिका प्रसाद के घर में मिला था। दुपट्टा उसके गले पर फंसा हुआ था। बृहस्पतिवार को पिता ने अमन की चाची गीता देवी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि उनकी तरफ से हत्या की कोई वजह नहीं बताई गई है। पुलिस की छानबीन में अवैध संबंधों की बात आ रही है। पुलिस को कुछ जानकारी गुपचुप तरीक से मिली है, जिसे पुलिस तस्दीक कर रही है। सुनगढ़ी पुलिस और महिला थाने की दरोगा परमजीत कौर ने टीम के साथ आरोपी से पूछताछ की। बृहस्पतिवार देर शाम तक आरोपी से पूछताछ चलती रही। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि अभी कुछ खास निकलकर नहीं आ सका है। आरोपी महिला से पूछताछ कराई जा रही है। अन्य बिंदुओं पर भी टीमें सुरागरसी कर रही है।