मझोला (पीलीभीत)। कस्बा मझोला के स्पेयर पार्ट्स व्यापारी को अंजान व्यक्ति ने कॉल कर उसके घर में चोरी की सूचना दी। इस पर जब व्यापारी दुकान छोड़कर मकान में चला गया तो दुकान से पांच हजार की नकदी चोरी कर ली गई। पुलिस ने शिकायत मिलने पर दो लोगों को हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है।
कस्बा निवासी गुरमुख सिंह ने बताया कि उनकी मकान के बाहरी हिस्से में स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। चार दिन पूर्व वह दुकान पर थे। सुबह करीब नौ बजे एक व्यक्ति ने उनके मोबाइल फोन किया। कहा कि उनके मकान से कुछ लोग सामान चोरी कर रहे हैं। इस पर वह आनन-फानन में दुकान छोड़कर मकान में चले गए। इस बीच आरोप है कि फोन करने वाला युवक दुकान के गल्ले से पांच हजार रुपये चोरी कर ले गया। जानकारी करने पर फोन पड़ोस की एक दुकान में काम करने वाले युवक का निकला। उससे पूछताछ की गई तो वह एक अंजान व्यक्ति पर कॉल करने की बात कहने लगा। सूचना पुलिस को देकर पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर न्यूरिया बिरजाराम ने बताया कि शक के आधार पर मोबाइल मालिक और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
संदिग्ध आरोपी को बचाने आए लोगों ने की सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश
शक के आधार पर हिरासत में लिए गए एक युवक को बचाने के लिए जमा हुए लोगों ने बचाव के लिए पैरवी करने के साथ ही घटना को सांप्रदायिक रंग देने की भी कोशिश कर डाली। पुलिस चौकी मझोला में धर्म और समुदाय को लेकर टिप्पणी करने लगे। हालांकि बाद में पुलिस सख्त हुई और भीड़ को चौकी से बाहर खदेड़ दिया।