पीलीभीत। शाहजहांपुर के कांट इलाके में एक युवक की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। युवक की एक महिला रिश्तेदार ने प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप लगाया है। सुनगढ़ी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नौगवां पकड़िया गांव की निवासी राजेश्वरी देवी पत्नी रामऔतार ने तहरीर में बताया कि उनका चचेरा भाई बिलसंडा निवासी 25 वर्षीय सोनू 29 दिसंबर, 2018 को उनके घर आया था। दूसरे दिन 30 दिसंबर को कांट (शाहजहांपुर) के लालाराम उसे अपने साथ बुलाकर ले गए। एक जनवरी, 2019 को सोनू के फंदा लगाकर जान देने की सूचना उनको दी गई। इस पर वह कांट पहुंची। वहां जबरन बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कुछ दिन बाद उनको जानकारी हुई कि सोनू की हत्या की गई है। लालाराम के परिवार की एक युवती से सोनू का प्रेम प्रसंग था। इसी के चलते घर से लेजाकर उसकी हत्या कर दी गई थी। 13 जनवरी को जब इसके बारे में जानकारी करनी चाही तो आरोपियों ने मारपीट कर धमकी देकर भगा दिया। थाना पुलिस से शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। जिसके बाद अब कानूनी कार्रवाई हो सकी है। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेशानुसार रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें कांट (शाहजहांपुर) निवासी लालाराम, अनुज और विमला को नामजद किया गया है। घटनाक्रम पुराना है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।