बीसलपुर (पीलीभीत)। कोतवाली क्षेत्र के गांव मंडरा सुमन में एक युवक ने रविवार की रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मंडरा सुमन निवासी दामोदर दास भारती ने बताया कि उनका पूरा परिवार उत्तरांचल के रुद्रपुर में किराए के मकान में रहता है। उनका 26 वर्षीय पुत्र पालू भारती रुद्रपुर की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। पालू की आए दिन अपनी पत्नी से झगड़ा होता रहता था, इससे पालू परेशान रहता था। पालू रविवार को गांव मंडरा सुमन स्थित अपने पैतृक अपने घर आया और रात में किसी समय उसने रस्सी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को जब काफी देर तक पालू ने घर का दरवाजा नहीं खोला, तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजे की दराज से झांककर देखा तो बरामदे में पालू का शव फंदे पर लटका था। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्राम प्रधान जेबलाल गंगवार की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारा और सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रुद्रपुर से मृतक के घर वाले भी आ गए। सीओ प्रवीण मलिक ने कोतवाल हरीशंकर के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो