जहानाबाद (पीलीभीत)। पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया। जिससे महिला द्वारा तालाब में पाली जा रही करीब मछलियां मर गईं। जहानाबाद पुलिस ने एसपी के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के सूरजपुर शिवनगर गांव निवासी प्रेमराज की पत्नी रामश्री ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गौनेरा गांव निवासी रामपाल, सोमपाल और बाड़ी से उनकी पुरानी रंजिश है। गांव के ही तालाब में पीड़ित मछली पालन करती है। आरोप है कि 27 जुलाई की रात आरोपियों ने रंजिश के चलते तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया। जिससे मछलियां मर गईं। दूसरे दिन 28 जुलाई को इसकी जानकारी हुई तो पीड़ित ने सवाल-जवाब किए। इस पर आरोपियों ने धमकी देकर भगा दिया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर कमल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
जहानाबाद पुलिस पर भी टरकाने का आरोप
तालाब में जहरीला पदार्थ डालने के बाद मछलियों के मरने का पता लगते ही पीड़ित महिला सबसे पहले जहानाबाद थाने गई थी। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत सुनने के बाद उसको टरका दिया। जांच करने की भी जहमत नहीं उठाई गई।