बीसलपुर।/चुर्रासकतपुर। कस्बे के एक घर में नकब लगाकर चोरों ने गुरुवार रात लगभग तीन लाख की संपत्ति चोरी कर ली। पुलिस ने तहरीर मिलने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
कस्बा चुर्रासकतपुर निवासी नूर मोहम्मद ने बताया कि गुरुवार रात वह परिवार के साथ बरामदे में सो रहे थे। आधी रात के बाद किसी समय चोर पीछे वाली दीवार में नकब लगाकर कमरे में घुस गए और संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखी 90 हजार की नकदी, दो लाख कीमत से अधिक के जेवर चोरी कर ले गए। चोरों ने कीमती सामान ढूंढने के लिए सारा सामान तहस-नहस कर दिया। आहट होने पर घरवालों ने कमरा खोलकर देखा तब तक चोर भाग चुके थे। गांव वालों की मदद से चोरों की तलाश भी की गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। शुक्रवार सुबह नूर मोहम्मद ने कस्बा स्थित पुलिस चौकी में तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी गई। चौकी प्रभारी जेसी जोशी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस बाबत इंस्पेक्टर हरीशंकर वर्मा ने बताया कि तहरीर अभी कोतवाली नहीं आ पाई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।