पीलीभीत। पति की गैर मौजूदगी में विवाहिता से गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर ने घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। शोर पर आसपास के ग्रामीण जमा हुए और आरोपी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। विवाहिता से मिली तहरीर पर सुनगढ़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
सुनगढ़ी क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पति सोमवार रात घर पर नहीं थे वह अकेली थी। इस बीच विवेक उर्फ मक्खी घर में घुस आया। आरोप है कि पहले वह बिजली कटौती को लेकर पूछता रहा। इसके बाद उसको पकड़ लिया और दुष्कर्म की कोशिश की। तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित के शोर मचाने पर ग्रामीण जमा हो गए और आरोपी को धर दबोचा। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी हिस्ट्रीशीटर है। थाने की टॉप 10 अपराधियों की सूची में भी शामिल है। उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।