पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत पर सीएचसी में विलाप करते बाइक सवार के परिजन-संवाद
पूरनपुर/ घुंघचाई। पूरनपुर-मैगलगंज हाईवे पर घुंघचाई पेट्रोल पंंप के पास तेज रफ्तार प्याज लदी पिकअप की चपेट में आकर गांव खमरिया पट्टी निवासी धनीराम (40) की मौत हो गई। हादसे में उनकी पुत्रियां और पत्नी मोरकली भी घायल हो गईं। इस वजह से हाईवे पर करीब एक घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
गांव खमरिया पट्टी निवासी धनीराम सोमवार को पत्नी मोरकली, पुत्री अराध्या और ममता के साथ बाइक से ससुराल में साले मनोज की पुत्री की शादी समारोह में शामिल होने शाहजहांपुर जिले के बंडा थाना के गांव उगनापुर जा रहे थे। सभी एक ही बाइक पर सवार थे। चालक ने हेलमेट भी नहीं लगाया था। धनीराम की बाइक पूरनपुर-मैगलगंज मार्ग पर घुंघचाई में पेट्रोल पंप के समीप सामने से आई पिकअप की टक्कर से धनीराम गंभीर घायल हो गए। उसकी पत्नी और दोनों पुत्रियों के भी चोटें आईं। सीएचसी लाए गए धनीराम को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी और पुत्रियों का इलाज चल रहा है। वह मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। परिवार में पत्नी और छह पुत्रियां हैं। हादसे के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। पिकअप का चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। सड़क पर पिकअप और प्याज की बोरियां पड़ी होने से हाईवे पर आवागमन भी बाधित हुआ। पुलिस ने मशक्कत पर पिकअप को सड़क किनारे कराकर आवागमन बहाल कराया।
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत पर सीएचसी में विलाप करते बाइक सवार के परिजन-संवाद