पूरनपुर। प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर खुदकुशी करने वाली हाईस्कूल की छात्रा के शव का तीसरे दिन अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने घटना में नामजद मुख्य आरोपी जनार्दन दुबे को गिरफ्तार कर शनिवार को चालान कर दिया। अन्य नामजद आरोपी अभी पुलिस के हाथ नहीं लग सके।
शिक्षिका के प्रेमी के साथ जाने पर उसके परिजन की ओर से प्रताड़ित की गई हजारा थाना के गांव राघवपुरी की 15 वर्षीय छात्रा किरन कौर ने बृहस्पतिवार को प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने छात्रा की मां की ओर से लखीमपुर खीरी के शारदापुरी गोविंदनगर निवासी शिक्षिका के पिता जनार्दन दुबे, उसकी पत्नी पूनम दुबे, पुत्र अभिषेक दुबे, अविनाश दुबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। छात्रा की मां परमजीत कौर ने हजारा एसओ को शिकायती पत्र देकर खजुरिया पुलिस चौकी के इंचार्ज पर भी उसे और छात्रा को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। मृतक छात्रा किरन कौर के शव का शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। हजारा एसओ शरद यादव ने बताया कि नामजद जनार्दन दुबे को गिरफ्तार कर शनिवार को चालान कर दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान किया जाएगा।