पीलीभीत। न्यूरिया थाना की धनकुना चौकी पर तैनात एसआई, दो सिपाहियों पर अवैध धन वसूली करने और रात में अवैध मिट्टी खनन कराने और दुकानों व बाइकों का गलत तरीके से चालान करने का आरोप लगा है। क्षेत्र के प्रधानों और अन्य लोगों ने मामले की शिकायत एसपी से की है।
छह से अधिक प्रधानों ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में कहा कि एसआई तीन वर्षों से धनकुना चौकी इंचार्ज के पद पर तैनात हैं। दोनों सिपाही पांच वर्षों से तैनात हैं। प्रधानों ने छोटे-छोटे मामलों में सिपाहियों की मदद से धन उगाही करने का आरोप दरोगा पर लगाया है। जनता से अभद्र व्यवहार करने की बात कही। आरोप है कि चौकी पर निर्माण कार्य और रंगाई-पुताई के लिए भी रुपये लिए जाते हैं। मामले की जांच कर दरोगा और सिपाहियों का दूसरी जगह तबादला करने की मांग की गई है। शिकायती पत्र में ग्राम पंचायत रफियापुर, डंडिया, आराजी बौरख, जटपुरा, धनकुना, रौहतनिया व धनकुनी आदि प्रधानों के हस्ताक्षर हैं। एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। संवाद