पीलीभीत। थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में फुल ऑटोमेटिक पत्तल मशीन दिलाने के नाम पर दस से अधिक लोगों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बागगुल शेर खां निवासी मुन्नी प्रकाश गंगवार ने थाना सुनगढ़ी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गैस चौराहे के पास बालाजी पेपर प्रोजेक्ट नाम से एक फर्म संचालित होती है। यह फर्म होलसेल में पेपर-प्लेट आपूर्ति का काम करती है। इसके मालिक प्रवीण कुमार राघव और सहायक मोनू राघव बताए गए हैं। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने 1.72 लाख रुपये की कीमत की ऑटोमेटिक पत्तल बनाने वाली मशीन किस्तों पर उपलब्ध कराने का लालच दिया। मशीन बुक करने के लिए 30 प्रतिशत एडवांस जमा करने की बात कही। भरोसा दिलाने पर वह और लगभग दस अन्य लोग एडवांस रकम जमा कर चुके थे। आरोप है कि रुपये लेने के बावजूद किसी को भी मशीन उपलब्ध नहीं कराई। बाद में पीड़ित जब मशीन की डिलीवरी के लिए फर्म पहुंचे तो कार्यालय बंद मिला और आरोपी वहां नहीं थे। ठगी का एहसास होने पर पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।