पीलीभीत। न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुर में एक टेंपो चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों के बुलावे पर कार्यक्रम में गए विनोद कुमार 44 की तबीयत बिगड़ने की बात कहकर उन्हें देर रात सूचना दी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
ग्राम सैदपुर निवासी सौरभ कुमार ने बताया कि उनका तहेरा भाई विनोद कुमार (44) पुत्र घासीराम टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार को पड़ोस के कुछ लोगों ने सितारगंज के भगनैरा में आयोजित एक कार्यक्रम में जाने के लिए उससे संपर्क किया और विनोद अपना टेंपो लेकर उन्हें वहां लेकर चला गया। आरोप है कि रात में किसी माध्यम से जानकारी मिली कि विनोद की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जब परिजनों ने पड़ोसियों से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि वह अचानक जमीन पर गिर गया और चोटिल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए पीलीभीत लाया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि पीलीभीत पहुंचने से पहले ही विनोद ने दम तोड़ दिया। अनहोनी की आशंका व्यक्त कर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
न्यूरिया थाना प्रभारी सुभाष मावी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक विनोद के तीन छोटे पुत्र हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।