गजरौला। थाना क्षेत्र की चौकी रिछोला के अंतर्गत माधौटांडा मार्ग पर ढेरम मंडरिया पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा होने से बच गया।
कलीनगर क्षेत्र के गांव चांदूपुर से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही कार अचानक सड़क पर आए जानवर को बचाने में अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई।
हालांकि उसमें सवार युवक शीशा तोड़कर सुरक्षित बाहर निकल गए। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। कार में देश नगर गौंटिया निवासी सर्वेश पाल, मनोज पाल, मोहित पाल और कन्हैया लाल सवार थे। हादसे के बाद आग लगते ही चालक ने साहस दिखाते हुए शीशा तोड़कर बाहर निकल अपनी जान बचाई। पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज संदीप सिंह और थाना गजरौला कला के थानाध्यक्ष ब्रजवीर सिंह टीम समेत मौके पर पहुंचे।
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। थानाध्यक्ष ब्रजवीर सिंह के अनुसार कार में सवार चारों युवक सुरक्षित हैं। हादसा जानवर को बचाने के कारण कार के पेड़ से टकरा जाने से होने की बात सामने आई है।