पीलीभीत। जिले में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने कुल 39 मुकदमों से संबंधित करीब सवा करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ नष्ट कर दिए। बरेली जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्ब्रिड मेडिकेयर लिमिटेड के इंसीनेरेटर के माध्यम से निस्तारण कराया गया।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों का कुल वजन 108 किलोग्राम था। यह कार्रवाई सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी के नेतृत्व में संपन्न हुई। अधिकारियों के अनुसार इस कदम का उद्देश्य न्यायालय में लंबित मामलों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित निस्तारण करना और जिले में नशे के खिलाफ सख्त संदेश देना है। कार्रवाई के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। कमेटी ने स्पष्ट किया कि आगे भी समय-समय पर जब्त किए गए मादक पदार्थों का निस्तारण इसी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।