पीलीभीत। घर के कुछ दूरी पर लुटेरों ने एक युवक से टेबलेट लूट लिया गया। पीड़ित ने पीछा करने की कोशिश की तो लुटेरे के साथियों ने पकड़कर पिटाई शुरू कर दी। शोर मचाने पर जमा हुए लोगों की मदद से दो नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया। तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
मोहल्ला तखान निवासी नवनीत शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। बुधवार रात करीब साढ़े नौ ड्यूटी से घर जा रहे थे। मकान के कुछ दूर भूत बंगले वाली गली के पास पहुंचते ही एक युवक ने उनका टेबलेट छीनकर भागने लगा। उन्होंने पीछा करने की कोशिश की तो उसके दो साथियों ने पकड़ लिया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने पिटाई कर दी। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली आ गई। देर रात पीड़ित से मिली तहरीर पर लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई। लूटा गया टेबलेट भी आरोपी के पास से मिल गया।
कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मोहल्ला फीलखाना निवासी सैफल और दो किशोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनका चालान बृहस्पतिवार को कर दिया। एक किशोर दिल्ली का रहने वाला है, यहां रिश्तेदारी में आया था। उधर, आरोपियों के परिजन एसपी से मिले और लूट के आरोपों को गलत बताया। फंसाने की बात कही, लेकिन कोई रंजिश नहीं बता सके। एसपी अभिषेक दीक्षित ने जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।