पीलीभीत। पुलिस गश्त में बरती जा रही लापरवाही से चोर एक बार फिर शहर में सक्रिय हो गए हैं। बाजार और टनकपुर हाईवे से सटे इलाके में चोरों ने बीती रात चार दुकानों के ताले काट दिए। एक दुकान को छोड़ तीन से चोर नकदी और सामान समेट ले गए। रविवार सुबह सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की मदद से सुरागरसी की गई। आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर बाइक सवार दो युवक बतौर संदिग्ध प्रकाश में आए हैं। पुलिस उनकी धरपकड़ का प्रयास कर रही है।
मोहल्ला पंजाबियान निवासी फिरदौस का जेपी रोड पर ड्रमंडगंज चौराहे के पास मेडिकल स्टोर है। शनिवार रात रोज की तरह 9.30 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। चोर शटर के ताले तोड़कर गल्ले में रखे आठ हजार रुपये ले गए। इसी मोहल्ले के सिराज अहमद की बरेली गेट पर चाय की दुकान के ताले तोड़कर चोर 4000 रुपये ले गए। कुछ ही दूरी पर चौक बाजार निवासी सुधीर अग्रवाल की किराना की दुकान के भी ताले टूटे मिले। हालांकि सेंटर लॉक लगा होने की वजह से चोर सामान नहीं ले जा पाए। मोहल्ला आसफजान निवासी बृजेश गुप्ता की मंडी समिति के सामने स्थित खाद की दुकान के ताले तोड़कर चोकर 17 हजार रुपये चोरी कर ले गए। रविवार सुबह दुकान पहुंचने पर व्यापारियों ने टूटे ताले देखे तो उनके होश उड़ गए। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी पुलिस बल के साथ पहुंचे। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर सुरागरसी की गई। देवहा चौकी प्रभारी गौरव विश्नोई को सीसीटीवी कैमरे खंगालने में लगाया गया। एक फुटेज पुलिस को मिली है, जिसमें दिखाई दे रहे बाइक सवार दो युवकों पर पुलिस का शक गहराया है। ये युवक देर रात यूपी 100 और पवन मोबाइल पर सवार पुलिसकर्मियों को भी दिखाई दिए। इनके बारे में पता लगाया जा रहा है। उधर, बाजार में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ने पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई।
ड्रमंडगंज चौराहा और बरेली गेट बाजार के बीच का इलाका है। यहां पर अमूमन पुलिस का मूवमेंट रहता है। इसके बावजूद चोरी की घटना होने पर कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी ने गश्त करने वाले दरोगा-सिपाहियों की फटकार लगाई। उनको पता लगा था कि गश्त के सिपाही आराम करने निकल गए थे। उन्होंने बताया कि वह इसकी रिपोर्ट बनाकर आला अधिकारियों को भी भेजेंगे।
चोरी की सूचना मिलने पर मौके पर गया था। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कुछ क्लू मिले हैं। घटना का जल्द वर्कआउट किया जाएगा। - धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सिटी