बीसलपुर (पीलीभीत)। युवती की गला दबाकर हत्या करने की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि होने के बाद कानूनी कार्रवाई की गई। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की। शव की शिनाख्त के लिए सोशल साइट्स की भी मदद ली जा रही है। शव के फोटो आसपास के जिलों की पुलिस को भी भेजे गए हैं। हालांकि अभी तक कोई कामयाबी नहीं मिल सकी।
कोतवाली क्षेत्र के रिछुलिया गांव के बाहर 15 दिसंबर को एक बाग में 20 वर्षीय युवती का क्षतविक्षत शव मिला था। गर्दन पर दुपट्टा कसा था। पास में मिली पन्नी में लखनऊ की एक दुकान का पता लिखा था। पुलिस कहीं और हत्या करने के बाद शव बाग में फेंकने की आशंका जता रही है। प्रधान इमरान से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मेें गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। कोतवाल केशव कुमार तिवारी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। अभी कोई खास क्लू नहीं मिला है।