बीसलपुर (पीलीभीत)। पुलिस ने किशोरी से छेड़छाड़ की शिकायत लेकर गए पिता की हत्या करने में नामजद दूसरे आरोपी को भी रविवार को सुबह गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में दो अज्ञात सहित आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस अब तक दो लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। छह लोग अभी फरार हैं। उधर, रविवार देर शाम छात्रा के पिता का दुखद माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 31 अक्तूबर की शाम एक किशोरी गांव के बाहर अपने बठिया से कंडे लेने गई थी। वहां गांव के ही कालू राम उर्फ वीरेंद्र ने उससे छेडछ़ाड़ की। किशोरी ने घर आकर परिजन को पूरे मामले की जानकारी दी तो उसके पिता उसी समय आरोपी के घर शिकायत करने गए। आरोप है कि इस पर आरोपी और उसके परिजन ने किशोरी के पिता पर जानलेवा हमला करते हुए धारदार हथियारों से प्रहार किया। इसमें पिता समेत किशोरी के परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए थे। किशोरी के चाचा ने छेड़छाड़ करने वाले कालूराम समेत उसके परिवार के आठ हमलावरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। किशोरी के पिता को गंभीर चोटें आईं थीं। शनिवार को इलाज के दौरान बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में उनकी मौत हो गई। बरेली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद रविवार को दोपहर बाद शव परिजनों को सौंप दिया। रविवार को शव घर में आते ही घर में कोहराम मच गया था। देर शाम पुलिस की मौजूदगी में पिता का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इधर कोतवाली पुलिस ने इस मामले के दूसरे नामजद आरोपी सत्यपाल को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी कालूराम उर्फ वीरेंद्र को शनिवार को ही गिरफ्तार कर चुकी है। कोतवाल हरीशंकर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।