बिलसंडा (पीलीभीत)। दियूरा गांव के गन्ने के खेत में गोहत्या तालगांव (शाहजहांपुर) के तस्करों ने की थी। पुलिस ने सूचना पर दबिश दी तो तस्करों ने फायर कर दिया। हालांकि तीन को पीछा कर धर दबोचा, जबकि एक भाग निकला। उनके पास से चोरी की तीन मोटर साइकिल बरामद हुई। इन्हीं बाइकों का सौदा करने के लिए वह जमा हुए थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीनों तस्करों को जेल भेज दिया है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के दियूरा गांव में शनिवार सुबह दो गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले थे। अज्ञात के खिलाफ गोहत्या निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। बरखेड़ा पुलिस तस्करों को तलाशती रह गई और गुडवर्क बिलसंडा पुलिस के खाते में चढ़ गया। सोमवार तड़के बिलसंडा इंस्पेक्टर हरीशंकर वर्मा को सूचना मिली कि कुछ अपराधी घुघौरा मोड़ पर तेज बहादुर के गन्ने के खेत में जमा है। वह चोरी की बाइकों का सौदा करने के लिए जमा हुए हैं। पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस को देख तस्करों ने तमंचे से फायर कर दिया और भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने तीन आरोपी निगोही (शाहजहांपुर) के गांव तालगांव निवासी कल्लू हुसैन, सद्दाम उर्फ नाना और चकसफोरा गांव निवासी संजयपाल को धर दबोचा, जबकि एक साथी तालगांव निवासी खालिद भाग गया। चोरी की तीन बाइक, गोहत्या में इस्तेमाल उपकरण, 315 बोर के दो, 312 बोर का एक तमंचा, तीन कारतूस बरामद किए। इंस्पेक्टर बिलसंडा हरीशंकर वर्मा ने बताया कि थाने में पूछताछ की गई तो तीनों ने 24 जनवरी की रात दियूरा गांव में गोहत्या करने की बात कबूल की। उनके खिलाफ पूर्व में भी गोहत्या निवारण अधिनियम के मामले दर्ज हैं।
पकड़े गए तीनों आरोपी गोहत्या के साथ ही चोरी की बाइकों की खरीद-फरोख्त भी करते थे। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया है। अन्य साथियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही हैं। - रोहित मिश्र, एएसपी