पीलीभीत/अमरिया। मोबाइल टॉवर से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिरों को सर्विलांस और स्वॉट टीम की मदद से अमरिया पुलिस ने धर दबोचा, जबकि उनके तीन साथी हत्थे नहीं चढ़ सके। पकड़े गए अपराधियों से चोरी की कई बैटरियां भी बरामद हुई हैं। एफआईआर दर्ज कर अमरिया पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया।
एक माह पूर्व अमरिया के एक मोबाइल टॉवर से 18 बैटरियां चोरी हो गई थी। इसके अलावा अन्य टॉवरों में भी वारदात अंजाम दी गई थी। एसपी अभिषेक दीक्षित ने एसओ अमरिया पुष्कर सिंह, सर्विलांस-स्वॉट टीम प्रभारी आलोक मिश्र को इसकी सुरागरसी में लगाया। सीओ सदर योगेंद्र कुमार की अगुवाई में दोनों टीमों ने पड़ताल की और कुछ अपराधियों के नाम प्रकाश में आए। इनके बारे में छानबीन करने के बाद मंगलवार सुबह टीम ने दो शातिर शाही (बरेली) के गांव विक्रमपुर निवासी मोहम्मद आसिफ, कोतवाली क्षेेत्र के मोहल्ला बेनी चौधरी निवासी नईम को धर दबोचा। इनके पास से एक ऑटो, मोबाइल टॉवर की 11 बैटरी, 18 ड्राई बैटरियां बरामद की। तीन साथी मोहल्ला डालचंद निवासी मोहम्मद आशिक उर्फ चाला, बरखेड़ा कस्बा निवासी मेंहदी उर्फ पप्पू और भोजपुर मुरादाबाद निवासी हाजी गुलफाम फरार हैं। सीओ सदर ने बताया कि आरोपी उन मोबाइल टॉवरों में वारदात किया करते थे, जिनमें गार्ड की व्यवस्था नहीं रहती। चोरी की गई बैटरी को ये लोग हाजी गुलफाम को बेचा करते हैं। यह गिरोह आसपास के कई जनपदों में सक्रिय था।