बरखेड़ा। प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री किए जाने की सूचना पर शुक्रवार को मंडलीय ड्रग विभाग की टीम ने ग्राम दौलतपुर में स्थित मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। टीम ने दवाइयों का रखरखाव और अभिलेखों में दर्ज स्टॉक चेक किया। जांच पड़ताल में प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री किए जाने पर मेडिकल स्टोर सील कर दिया गया। करीब 25 हजार की दवाइयां जब्त करने के साथ ही तीन पेन किलर के नमूने लिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान आसपास के कई दुकानदार शटर गिराकर भाग खड़े हुए।
सहायक आयुक्त औषधि एवं प्रशासन बरेली मंडल संजय कुमार के नेतृत्व में शाहजहांपुर के डीआई देशबंधु, पीलीभीत की डीआई बबीता रानी आदि ने शुक्रवार दोपहर ग्राम दौलतपुर स्थित इमरान के मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। टीम ने मेडिकल स्टोर पर पहुंचते ही स्टॉक से संबंधित अभिलेख कब्जे में ले लिए। दुकान में मिली कई दवाइयों का लेखाजोखा भी नहीं मिला। जांच पड़ताल में प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री होती मिली। इस पर दवाइयां सील करने के साथ ही तीन पेन किलर के नमूने लिए गए। डीआई बबीता रानी ने बताया कि जो नमूने लिए गए हैं उनको लखनऊ भेजा जाएगा। मेडिकल स्टोर संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।