पूरनपुर। पुरानी घटनाओं का पुलिस अभी खुलासा नहीं कर सकी है, वहीं चोरों ने वारदात को अंजाम देकर नई चुनौती दे डाली। दो घरों के ताले तोड़कर चोर 22 तोला सोने के जेवरात, नकदी समेट ले गए। एक घर का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की। एक अन्य स्थान पर चोरों ने गोदाम में घुस कर हजारों का हार्डवेयर चोरी कर लिया। लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उससे पूछताछ चल रही है। दो अन्य संदिग्ध भी हिरासत में लिए गए हैं।
मोहल्ला चौक निवासी राधेश्याम जायसवाल पिछले काफी समय से बीमार थे। दिल्ली में चिकित्सकों के मना करने पर 31 दिसंबर को रिश्तेदार उन्हें बरेली ले गए थे। राधेश्याम की शनिवार रात को मौत हो गई। रविवार को राधेश्याम का शव लेकर घर पहुंचे रिश्तेदारों को चोरी की जानकारी हुई। राधेश्याम के बंद घर में चोर मेन गेट का ताला तोड़कर भीतर घुसे। फिर कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सामान खंगाला। यहां से चोर 22 तोला सोने के जेवरात और तीन लाख रुपये चोरी कर ले गए। उनके दामाद रवि जायसवाल ने बताया कि सास अंगूरी देवी की करीब दो महीने पहले मौत हो गई थी। ससुर के पास जेवरात और नकदी थी। फिलहाल पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है। नगर चौकी इंचार्ज बालकराम ने बताया कि चोरी की घटना पूरी तरह संदिग्ध है। रिश्तेदार राधेश्याम के अंतिम संस्कार में व्यस्त रहे। जांच कराई जा रही है।
इसके अलावा मोहल्ला जायसवाल कॉलोनी निवासी मुन्नी देवी के घर में कमरे का कुंडा तोड़कर चोर भीतर घुसे। मुन्नी देवी रिश्तेदारी में बाहर गई थी। उनके दोनों पुत्र दूसरे शहरों में रहकर नौकरी करते है। भतीजे संजय जायसवाल ने बताया कि चोरी की सूचना मोबाइल पर बुआ को दी गई है। चोरी के माल की जानकारी उनके घर लौटने पर होगी।
वहीं, मोहल्ला बमनपुरी निवासी सरताज खां के बंद घर का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की गई। आहट पर चोर घटना को अंजाम नहीं दे सके। सेहरामऊ उत्तरी के कस्बा जोगराजपुर निवासी हार्डवेयर व्यवसायी प्रवीन कुमार गोयल ने बताया कि उनके गोदाम में दरवाजा तोड़कर चोर भीतर घुसे और हार्डवेयर का सामान चोरी कर ले गए। चौकीदार फूलचंद ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसके दो साथियों को हिरासत में लिया है।
पकड़े चोर की सिपाही से मित्रता
जोगराजपुर में रंगे हाथों पकड़े गए चोर की सेहरामऊ उत्तरी थाना में तैनात एक सिपाही से दोस्ती है। अक्सर सिपाही बाजार में आरोपी के साथ घूमता रहता था। आरोपी ने कुछ दिन पहले एक युवती को छेड़ा था। मगर पुलिस से दोस्ती के चलते उसका मात्र शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया था।