पूरनपुर। प्रेम- प्रसंग के चलते एक किशोरी ने जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया है। किशोरी का आरोप है कि उसकी मां ने उसे जहर खिला दिया। नायब तहसीलदार ने सीएचसी पहुंचकर किशोरी के बयान दर्ज किए। पुलिस ने किशोरी और उसके प्रेमी से पूछताछ की है।
प्रेम- प्रसंग का मामला नगर के एक मोहल्ला का है। किशोरी की उम्र तेरह साल की है। उसका कहना है कि वह मोहल्ले के एक युवक से बचपन से ही प्यार करती है। उसने उसे अपना जीवन साथी मान लिया है। किशोरी ने कहा कि वह शादी अगर करेगी तो उसी से करेगी। वरना जान दे देगी। सीएचसी में अपनी प्रेमिका को लेकर पहुंचे युवक ने बताया कि दो तीन बार उसके घर आकर शादी की जिद कर चुकी है। उसके परिवार वाले तैयार नहीं हैं। दो दिन पहले भी किशोरी उसके घर आ गई थी। तब उसके परिवार वालों उसे समझा बुझाकर घर भेज दिया। किशोरी के घर पहुंचने पर उसके परिवार के लोगों ने पिटाई की। सोमवार को प्रेमी के घर पहुंची किशोरी की हालत अचानक बिगड़ गई। इसकी सूचना युवक के परिवार वालों ने किशोरी के घर दी। तब किशोरी के परिवार वाले उसी पर जहर देने का आरोप लगाने लगे। घबराकर प्रेेमी उसे एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर पहुंचा। इसके बाद उसे सीएचसी लाया गया। सीएचसी से पहुंचे मेमो पर नगर चौकी इंचार्ज निर्देश सिंह चौहान ने वहां पहुंचकर किशोरी और उसके प्रेमी से पूरे मामले की जानकारी की। उन्होंने बताया कि किशोरी को जहर खिलाया नहीं गया। प्रेम प्रसंग के चलते उसने खुद जहरीला पदार्थ खाया है। किशोरी के परिवार वाले उसके प्रेमी के साथ शादी करना नहीं चाहते। इसलिए किशोरी अपनी मां के ऊपर जहर खिलाने का आरोप लगा रही है। नायब तहसीलदार अनुराग सिंह ने सीएचसी पहुंचकर किशोरी के बयान लिए।