पूरनपुर में एमडीएम के खाने से झुलसा छात्र अपनी मां के साथ।
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर। कल्यानपुर के प्राइमरी स्कूल में मिड-डे-मील (एमडीएम) वितरण के दौरान कक्षा चार का एक छात्र खौलती सब्जी से झुलस गया। आरोप है कि खाना मांगने पर रसोइया ने अभद्रता कर उसके ऊपर कड़ाही में खौलती गरम सब्जी फेंक दी। वहीं जांच में पाया गया कि लाइन में लगे होने के दौरान धक्कामुक्की में सब्जी गिरी। छात्र के दोनों हाथ और एक पैर झुलस गया। छात्र को लेकर मां कोतवाली पहुंची और रसोइया के खिलाफ तहरीर दी।
गांव कल्यानपुर निवासी रफफन का पुत्र तौहीद गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। मां परवीन ने बताया कि उसका पुत्र स्कूल में दोपहर को एमडीएम लेने के लिए थाली लेकर रसोइया के पास गया था। रसोइया ने थाली में सब्जी न डालकर उसके बेटे से अभद्रता कर गालियां दीं और फिर खौलती सब्जी उसके ऊपर डाल दी। इसमें उसका बेटा झुलस गया। बच्चे की चीख पुकार पर पहुंचे गांव के लोगों ने उसे घटना की जानकारी दी। तब वह स्कूल पहुंची और फिर कोतवाली जाकर तहरीर दी। तौहीद को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया, वहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। इंस्पेक्टर अजब सिंह ने बताया कि परवीन की शिकायत पर पुलिस को मौके पर भेजकर जांच करवाई गई। जांच में पाया गया कि स्कूल में खाना लेने के दौरान बच्चों में होड़ थी। उनमें हुई धक्का मुक्की से छात्र के ऊपर गर्म सब्जी गिर गई। इसके बाद पहुंची छात्रा की मां और रसोइया में नोकझोंक हुई।
मामले की जानकारी पर पूर्व एबीआरसी वासुदेव यादव को मौके पर भेजकर जांच करवाई गई। बच्चों को स्कूल में पंक्तिवार बैठाकर खाना खिलाना चाहिए, लेकिन खाना देने के लिए लाइन लगवाई गई थी। उनमें धक्कामुक्की होने लगी। इसी में छात्र के ऊपर गर्म सब्जी गिर गई। प्रधानाध्यापिका सुगंध अग्रवाल को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जवाब देने के बाद अगली कार्रवाई होगी। -सुरेशपाल सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी।