गुलड़िया भूपसिह मे निर्माणाधीन राजकीय कॉलेज भवन । संवाद
पीलीभीत। पूरनपुर ब्लाॅक के गांव गुलड़िया भूपसिंह में राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण कराया गया है। मानक और गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की तो खानापूर्ति कर जांच कर दी। अब कालेज की दीवारों में दरार पड़ गई हैं। मामला डीएम के पास तक पहुंच गया। निर्माण की गुणवत्ता की पोल भी खुल गई है।
छात्रों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सरकार कॉलेजों का निर्माण करा रही है। निर्माण के दौरान छात्रों की जान की परवाह भी नहीं की जा रही। ऐसा ही मामला पूरनपुर ब्लॉक के गांव गुलड़िया भूपसिंह का सामने आया है। करीब एक साल पहले यहां पर करीब सात करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण शुरू किया गया था। निर्माण शुरू होने के साथ ही ग्रामीणों ने ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाना शुरू कर दिया था। शिकायतों पर जांच तो हुई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
अब इसको लेकर गांव के राजेश गुप्ता ने डीएम से शिकायत की है। कहा गया है कि कॉलेज निर्माण को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी को ऑनलाइन माध्यम से शिकायत की थी। जिसकी जांच अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने की, जो संतोषजनक नहीं है। ठेकेदार ने जो कार्य किया है वह मानक के अनुरूप नहीं है। हालत यह है कि अभी से दीवारें चटकने लगी है। नींव में न तो सरिया का उपयोग किया गया और ना पत्थर डालकर पीसीसी एवं राफ्ट का काम किया गया है।
भवन की नींव खुदवाकर देखा जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। इसके अलावा कहा है कि गांव के बच्चों का भविष्य देखते हुए बनाया जा रहा भवन बहुत ही कमजोर है। ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीण की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता व आरईएस के अधिशासी अभियंता की टीम बनाकर जांच कर सात दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।