बीसलपुर के रामलीला मैदान में धरने पर बैठे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता। संवाद
बीसलपुर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने कोतवाली पुलिस की कार्यशोली के विरोध में बुधवार से रामलीला मैदान में बेमियादी धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने धरने पर बैठे गांव चौसरा निवासी भाकपा कार्यकर्ता रामदेव को हिरासत में ले लिया है।
कोतवाली के गांव चौसरा निवासी भाकपा कार्यकर्ता रामदेव ने बताया कि उनके पुत्र संतोष को पांच जून की रात में उनके परिवार की ही एक महिला ने जहर दे दिया था। उच्चस्तरीय इलाज कराने पर ही संतोष की जान बच पाई थी। रामदेव ने अगले दिन कोतवाली में मामले की नामजद तहरीर दी थी। आरोप है कि पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नही की।
रामदेव ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को मामले की जानकारी दी। इसके बाद बुधवार से रामलीला मैदान में कोतवाली पुलिस के विरोध में बेमियादी धरना शुरू कर दिया गया। कुछ देर बाद ही कोतवाली पुलिस ने आकर धरना स्थल पर बैठे रामदेव को यह कहकर हिरासत में ले लिया कि उनकी परिवार की एक महिला ने कोतवाली में उनके विरुद्ध गंभीर आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। धरने का नेतृत्व कर रहे भीमसेन शर्मा ने कहा कि रामदेव को न्याय मिलने तक धरना जारी रहेगा। धरने पर भाकपा के सह जिलामंत्री भीमसेन शर्मा, रामदेव,, प्रह्लाद, भजनलाल, रामचंद्रलाल, मूलचंद्र, विजय सक्सेना, बाबूराम, रामपाल, सर्वेश, महीपाल, गुड्डू, सर्वेश, लक्ष्मी देवी और प्रकाशा देवी आदि कार्यकर्ता बैठे।