पूरनपुर। आइलेट संचालक दंपती ने इंग्लैंड का वीजा दिलाने का झांसा देकर माधोटांडा थाना के गांव मथना जप्ती निवासी हंसपाल सिंह से 4.10 लाख रुपयों की ठगी कर ली।
पूरनपुर कोतवाली में लगे शिविर में शिकायत करने की बात कहने पर धनराशि वापस करने का आश्वासन दिया। मगर अब तक रुपये वापस नहीं किए गए। हंसपाल ने एसपी को भेजे शिकायतीपत्र में आरोपी दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है।
गांव मथना जप्ती निवासी हंसपाल ने एसपी को भेजे शिकायतीपत्र में कहा कि पूरनपुर नगर मेंं आइलेट का संचालन करने वाले दंपती ने उसे इंग्लैंड का वीजा दिलाने का झांसा देकर 4.10 लाख रुपये ठग लिए।
इसमें डेढ़ लाख रुपये खाते में ट्रांसफर कराए और 2.60 लाख रुपये नकद लिए। इसके बाद भी उसे वीजा नहीं दिया गया।
रुपये वापस मांगने पर टाल-मटोल की जाने लगी। शिकायतीपत्र में हंसपाल ने कहा कि विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी के मामलों की जन सुनवाई के लिए करीब दो माह पूर्व पूरनपुर कोतवाली में शिविर लगाया गया था।
शिविर में शिकायत करने की बात पर आरोपी दंपती ने अपने रिश्तेदारों के माध्यम से उसे यह आश्वासन दिलाया कि पखवाड़ा भर के अंदर रुपये वापस करा दिए जाएंगे।
आरोप है कि इसके बाद फिर आरोपी दंपती ने रुपये वापस करने को टाल-मटोल शुरू की। हंसपाल ने आरोपी दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।